उदयपुर | 18 मई, 2026 गोमती जिले के युवा जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और कलेक्टर रिंकू लाठर ने सोमवार को वीआईपी संस्कृति से हटकर एक नई मिसाल कायम की। वह अपनी आधिकारिक सरकारी गाड़ी को छोड़कर साइकिल चलाकर अपने कार्यालय पहुंचे, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
गोमती जिला मुख्यालय, उदयपुर शहर के लोगों के लिए सुबह का यह नजारा बेहद सुखद और हैरान करने वाला था। जिले के सबसे बड़े प्रशासनिक अधिकारी को आम नागरिक की तरह सड़क पर साइकिल चलाते देख राहगीरों ने तालियां बजाकर और नारे लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। हालांकि, रास्ते में मौजूद पत्रकार उनसे बातचीत करने की कोशिश करते रहे, लेकिन डीएम बिना रुके अपने दफ्तर की ओर बढ़ते गए।
डीएम कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, रिंकू लाठर 11 मई की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम दिए गए संदेश से बेहद प्रेरित थे। प्रधानमंत्री ने देशहित में नागरिकों से पेट्रोल, डीजल की खपत कम करने और फिलहाल के लिए विदेशी हवाई यात्राओं में कटौती करने की अपील की थी।
जूनियर अधिकारियों के सामने एक सकारात्मक उदाहरण पेश करने के लिए डीएम ने यह कदम उठाया है। इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों ने भी अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम करके ईंधन बचाने की शुरुआत की थी। प्रशासन को उम्मीद है कि डीएम की इस पहल से जिले के अन्य सरकारी विभागों में भी संसाधनों की बचत को बढ़ावा मिलेगा।

